जशपुरनगर, 24 मार्च 2026। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सत्येन्द्र कुमार साहू, कलेक्टर श्री रोहित व्यास तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री लाल उमेन्द सिंह ने आज जिला जेल जशपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, जेल अस्पताल, पाकशाला (रसोईघर), वालगार्ड एवं बैरकों का निरीक्षण किया।
इस दौरान बंदियों के भोजन, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया, जिसमें किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। कुछ बंदियों ने अपने प्रकरणों से संबंधित समस्याएं न्यायाधीशों के समक्ष प्रस्तुत कीं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जेल अधीक्षक द्वारा जेल संचालन में आ रही समस्याओं एवं कमियों की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई, जिस पर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जेल परिसर की स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन का भी अवलोकन किया गया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कु. सुमन सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती श्वेता बघेल, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेश पाटनवार, जेल अधीक्षक श्री श्याम लाल, उप पुलिस अधीक्षक श्री राकेश पाटनवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—




















