जशपुरनगर, 24 मार्च 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिले के सभी निजी बस ऑपरेटरों की बैठक लेकर बस संचालन व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में यात्रियों की सुरक्षा, समयबद्ध संचालन, निर्धारित किराया, वाहनों की फिटनेस, ओवरलोडिंग, प्राथमिक चिकित्सा किट एवं सुरक्षा उपकरणों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित बस ऑपरेटरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बस स्टैंड में यातायात व्यवस्था बनाए रखने, बसों को अनावश्यक खड़ा न करने, बीच सड़क में सवारी न लेने और क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाने के निर्देश दिए।
साथ ही सभी बसों का नियमित फिटनेस चेक, वैध बीमा, परमिट और आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने बसों में हेल्पलाइन एवं शिकायत नंबर अनिवार्य रूप से अंकित करने, मिनी फायर एक्सटिंग्विशर और फर्स्ट एड किट रखने तथा महिला, पुरुष एवं बच्चों के लिए उचित बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने बस चालकों के नियमित मेडिकल परीक्षण, मादक पदार्थों के सेवन से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने और वैध लाइसेंस रखने को अनिवार्य बताया। साथ ही सभी चालकों एवं कर्मचारियों का पुलिस चरित्र सत्यापन कर उसकी जानकारी यातायात शाखा में देने के निर्देश दिए।
ग्रामीण और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी के निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर जिले की भौगोलिक स्थिति पहाड़ी एवं पठारी होने के कारण कई स्थानों पर ब्लैक स्पॉट हैं, जहां विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मार्गों पर केवल प्रशिक्षित एवं अनुभवी चालकों से ही बस संचालन कराया जाए तथा चालकों को पर्याप्त विश्राम दिया जाए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि बस चालकों की नियमित जांच की जाए और शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री विजय निकुंज, जिला बस मालिक संघ के अध्यक्ष श्री केदार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं बस ऑपरेटर उपस्थित रहे।
—




















