रायगढ़, 25 मार्च 2026। जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आमाघाट में अवैध अफीम खेती के मामले में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने एक और फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा (25 वर्ष) को झारखंड के खूंटी जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमाघाट के खर्राघाट भैर नाला किनारे अवैध अफीम की खेती की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मौके से कुल 60,326 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिनका वजन 2877 किलोग्राम पाया गया। साथ ही आरोपियों के ठिकाने से 3.02 किलोग्राम अफीम भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी मार्शल संगा ने अपने सहयोगियों एमानुएल भेंगरा और सिप्रियन भेंगरा के साथ मिलकर अवैध खेती करना स्वीकार किया था। इस मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 8(बी), 18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर पहले ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
फरार आरोपियों की तलाश में रायगढ़ पुलिस की टीमों को ओडिशा और झारखंड भेजा गया था। 22 मार्च को सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान एमानुएल भेंगरा को जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। वहीं लगातार दबिश के बाद सिप्रियन भेंगरा को उसके गृहग्राम से पकड़ लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश:
“ऑपरेशन आघात के तहत मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
—




















