रायपुर, 28 मार्च 2026। केंद्र सरकार द्वारा डीजल को एक्साइज ड्यूटी से मुक्त करने और पेट्रोल पर ₹10 प्रति लीटर की कटौती कर एक्साइज ड्यूटी को मात्र ₹3 प्रति लीटर करने के फैसले का छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे देश के 140 करोड़ नागरिकों को सीधी राहत देने वाला ऐतिहासिक और जनहितकारी निर्णय बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से देश के हर वर्ग—किसान, श्रमिक, मध्यमवर्ग और आम नागरिक—को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के इस दौर में भी केंद्र सरकार द्वारा आम जनता पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालना एक संवेदनशील और सराहनीय कदम है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस निर्णय के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्णय ले रही है। यह फैसला प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता, संवेदनशीलता और देशवासियों के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण है।
—




















