जशपुरनगर, 31 मार्च 2026। जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सरडीह ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे जिले और राज्य को गौरवान्वित किया है। पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वच्छ एवं हरित पंचायत थीम के अंतर्गत सरडीह ग्राम पंचायत को वर्ष 2025 के लिए दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस श्रेणी में सरडीह को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को बधाई देते हुए कहा कि सरडीह की यह सफलता अन्य ग्रामों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्राम विकास को नई दिशा मिली है। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सरडीह ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर एक आदर्श स्थापित किया है।
लगभग 454 घरों वाले इस ग्राम में विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय भी निवासरत है। ग्राम में सभी घरों में शौचालय उपयोग सुनिश्चित किया गया है, जिससे खुले में शौच की समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है। इसके साथ ही 109 घरों में सौर ऊर्जा संचालित पंप लगाए गए हैं, जिससे सिंचाई एवं अन्य कार्यों के लिए जल की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहती है और किसानों को काफी सुविधा मिल रही है।
आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाते हुए यहां के किसान टमाटर, मिर्ची, खीरा सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों की खेती कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है और ग्राम की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी ग्रामीण पूरी तरह जागरूक हैं। नियमित वृक्षारोपण और पौधों की देखभाल से गांव में हरियाली बनी रहती है और स्वच्छ वातावरण का निर्माण होता है। साथ ही गांव में 12 सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई हैं, जिससे ऊर्जा की बचत के साथ बेहतर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है।
सप्ताह में एक दिन चलता है सामूहिक स्वच्छता अभियान
स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाते हुए ग्राम में सप्ताह में एक दिन स्वच्छताग्राही समूह द्वारा सामूहिक साफ-सफाई अभियान चलाया जाता है। ग्राम में सामुदायिक शौचालय का निर्माण भी किया गया है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत हुई है। अधिकांश घरों में एलपीजी गैस का उपयोग होने से धुएं और प्रदूषण में कमी आई है।
जल संरक्षण के लिए सोखता गड्ढों का निर्माण किया गया है, जिससे जलस्तर में सुधार हुआ है और गांव में पानी की कमी नहीं रहती। सरडीह ग्राम पंचायत की यह उपलब्धि न केवल जशपुर जिले बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता दर्शाती है कि जागरूकता, जनभागीदारी और योजनाओं के सही क्रियान्वयन से ग्रामीण विकास की नई मिसालें स्थापित की जा सकती हैं।




















