सेना भर्ती पंजीकरण की तिथि बढ़ी, अब 10 अप्रैल 2026 तक कर सकते हैं आवेदन ,अग्निवीर एवं स्थायी कैडर पदों के लिए युवाओं को मिला अतिरिक्त अवसर, पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर जोर

जशपुरनगर 1 अप्रैल 2026/ सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा भारतीय सेना में भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 अप्रैल 2026 कर दिया गया है। इससे इच्छुक एवं योग्य युवाओं को आवेदन के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर उपलब्ध है, जहां उम्मीदवार विभिन्न पदों की पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

      इस भर्ती अभियान के अंतर्गत अग्निवीर श्रेणी में अग्निवीर (पुरुष) जनरल ड्यूटी, तकनीकी, लिपिक/स्टोरकीपर, ट्रेड्समैन (दसवीं), ट्रेड्समैन (आठवीं) तथा अग्निवीर महिला (सेना पुलिस) के पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त स्थायी कैडर के अंतर्गत नर्सिंग सहायक, सिपाही फार्मा, हवलदार (सेना शिक्षा) एवं धर्म शिक्षक के पदों के लिए भी पंजीकरण किया जा रहा है। सेना भर्ती कार्यालय रायपुर ने स्पष्ट किया है कि भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी है और केवल योग्यता के आधार पर ही अभ्यर्थियों का चयन किया जाता है। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

      किसी भी प्रकार की जानकारी या स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निकट) के टेलीफोन नंबर 0771-2965212 एवं 0771-2965214 पर संपर्क कर सकते हैं। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है, जिससे वे देश सेवा के अपने सपने को साकार कर सकते हैं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment