रायपुर, 07 अप्रैल 2026। प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत अप्रैल माह के लिए केरोसिन का आबंटन जारी कर दिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा केंद्र सरकार से प्राप्त प्रथम तिमाही (अप्रैल-जून) के कोटे में से 528 किलोलीटर केरोसिन राशनकार्डधारियों के लिए निर्धारित किया गया है।
यह केरोसिन उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से अंत्योदय और प्राथमिकता श्रेणी के राशनकार्डधारियों को वितरित किया जाएगा। निर्धारित प्रावधान के अनुसार शहरी क्षेत्रों में प्रति राशनकार्ड अधिकतम 1 लीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतम 2 लीटर केरोसिन दिया जाएगा।
राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को समय-सीमा के भीतर केरोसिन के उठाव और वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर हितग्राहियों को उनकी पात्रता की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया है। जहां मांग कम होगी, वहां शेष स्टॉक को अन्य जरूरतमंद दुकानों में पुनः आबंटित किया जाएगा, ताकि किसी भी क्षेत्र में कमी की स्थिति न बने।
अप्रैल माह के लिए आवंटित केरोसिन का उठाव 30 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से करना होगा। वहीं, ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को भी लैप्स कोटा की जानकारी निर्धारित समय सीमा में विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला स्तर पर आबंटन की बात करें तो बिलासपुर को सर्वाधिक 36 किलोलीटर केरोसिन मिला है। वहीं बस्तर, कांकेर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, दुर्ग, बलौदाबाजार-भाटापारा, महासमुंद, रायपुर और जशपुर जिलों को 24-24 किलोलीटर तथा अन्य जिलों को 12-12 किलोलीटर केरोसिन आवंटित किया गया है।




















