जशपुर, 08 अप्रैल 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बुधवार को संकल्प शिक्षण संस्थान का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी तैयारी, रणनीति और समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि लक्ष्य ऐसा रखें कि भारत के प्रतिष्ठित शासकीय इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि अच्छे इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलने से भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, इसलिए अभी का समय पूरी तरह पढ़ाई को समर्पित करें। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह नियमित टेस्ट लेकर विद्यार्थियों का मूल्यांकन करें और उनकी कमजोरियों को दूर करने के लिए डाउट क्लियर कराएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि गर्मी की छुट्टियों में विद्यार्थियों को घर भेजने के बजाय उनकी तैयारी पर फोकस किया जाए। अनावश्यक छुट्टियों से बचते हुए बच्चों का समय परीक्षा की तैयारी में लगाया जाए तथा पालकों को भी इस संबंध में जागरूक किया जाए कि तीज-त्योहार के दौरान बच्चों को घर बुलाकर उनकी पढ़ाई बाधित न करें।
कलेक्टर ने कहा कि यदि विद्यार्थी एक बार पूरी लगन से JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं निकाल लेते हैं, तो उनका भविष्य संवर सकता है। उन्होंने शिक्षकों को एनसीईआरटी की पुस्तकों के साथ-साथ प्रैक्टिस पेपर हल कराने तथा कक्षा 9वीं-10वीं के गणित और विज्ञान विषयों का भी रिवीजन कराने के निर्देश दिए, ताकि बुनियाद मजबूत हो सके।
उन्होंने विद्यार्थियों को ग्रुप स्टडी करने, लाइब्रेरी का अधिकतम उपयोग करने और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लाइब्रेरी का अवलोकन कर पर्याप्त पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, साथ ही खराब कंप्यूटर, पंखे और लाइट को शीघ्र ठीक कराने के लिए भी कहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, संकल्प संस्थान के प्राचार्य श्री विनोद गुप्ता, आरईएस के एसडीओ श्री अमित देव सिंह, कार्यपालन अभियंता श्री राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




















