जशपुर, 09 अप्रैल 2026। कलेक्टर कार्यालय जशपुर द्वारा जिले में पदस्थ तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के प्रशासनिक कार्यों में सुगमता लाने के उद्देश्य से व्यापक फेरबदल करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार विभिन्न अधिकारियों को उनके वर्तमान पदस्थापना से स्थानांतरित कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत श्रीमती जयश्री राजनपथे को तहसीलदार जशपुर से स्थानांतरित कर तहसीलदार पत्थलगांव पदस्थ किया गया है। वहीं श्री प्रांजल मिश्रा को पत्थलगांव से बगीचा तहसीलदार बनाया गया है। श्रीमती उमा सिंह को तपकरा से स्थानांतरित कर बगीचा में अतिरिक्त तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में श्री महेश्वर सिंह उइके को बगीचा से जशपुर तहसीलदार बनाया गया है। सुश्री रोशनी तिर्की को सन्ना से मनोरा में अतिरिक्त तहसीलदार के रूप में पदस्थ किया गया है। श्री तोष कुमार सिंह को नायब तहसीलदार सन्ना से प्रभारी तहसीलदार सन्ना का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अलावा श्री सुशील कुमार सेन को फरसाबहार से तपकरा में प्रभारी तहसीलदार नियुक्त किया गया है। श्री रोहित गुप्ता को भू-अभिलेख शाखा जशपुर से बगीचा नायब तहसीलदार बनाया गया है, जबकि श्री सुशील शुक्ला को बगीचा से कुनकुरी नायब तहसीलदार पद पर पदस्थ किया गया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा। इस प्रशासनिक फेरबदल से जिले में राजस्व कार्यों के संचालन में गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।





















