जशपुरनगर, 13 अप्रैल 2026। जशपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बस में ले जाई जा रही भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना तपकरा क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस को 10 अप्रैल की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि जशपुर से रायगढ़ जा रही वासुदेव बस क्रमांक CG-13-Q-1800 में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप छुपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना के सामने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। रात करीब 11:45 बजे बस को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बस की डिक्की से दो झोलों में रखे चार कार्टून में 100-100 मिलीलीटर की 480 शीशियां (कुल 48 लीटर) प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई। जब्त सिरप में कोडीन फॉस्फेट युक्त “ऑनरेक्स” नाम की नशीली दवा शामिल है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 96,720 रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में बस के कंडक्टर बसंत पटेल (33 वर्ष), खलासी सतीश कुमार चौहान (45 वर्ष) और ड्राइवर भोला राम (46 वर्ष) ने शुरुआत में अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने तस्करी की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि वे यह कफ सिरप बिहार के गया से लाकर रायगढ़ में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और इस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक रामजी साय पैंकरा, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक महेंद्र पैंकरा, किशुन कुमार, रूपेश यादव और लोकेश ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















