जशपुर: ऑपरेशन आघात में बड़ी सफलता, रायगढ़-जशपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 56 लाख की जब्ती

जशपुरनगर, 13 अप्रैल 2026। जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पत्थलगांव क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (DL-3CB-5298) में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम वाहन का पीछा कर रही थी। इसी दौरान सूचना जशपुर पुलिस को दी गई, जिस पर पत्थलगांव पुलिस ने पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर जाल बिछाया।

दोपहर करीब 2 बजे संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पुलिस ने पीछा किया, इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर नाले के गड्ढे में फंस गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।

गवाहों की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर पीछे की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक बोरियों में खाकी टेप से लिपटे 108 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 112 किलो 770 ग्राम था। जब्त गांजे की बाजार कीमत लगभग 54 लाख रुपए आंकी गई है, वहीं कार की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। इस प्रकार कुल 56 लाख रुपए की जब्ती की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव कुमार नट (30 वर्ष), निवासी इटावा (उत्तरप्रदेश) और विजय पंडित (28 वर्ष), मूल निवासी वैशाली (बिहार), वर्तमान पता लोनावला पुणे (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के संबलपुर से गांजा खरीदकर लैलूंगा, शिवपुर और पत्थलगांव होते हुए उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक कृपादान लकड़ा, आरक्षक आशीषन प्रभात टोप्पो, कमलेश्वर वर्मा, तुलसी रात्रे, देवसिंह एक्का, पदुम वर्मा सहित रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस की अहम भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment