जशपुर: ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, बिना नम्बर प्लेट व मॉडिफाइड वाहनों पर बड़ी कार्रवाई ,22 बाइक जब्त, वसूला गया जुर्माना, पुलिस ने दी सख्त चेतावनी

जशपुरनगर, 13 अप्रैल 2026। जशपुर जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिलेभर में बिना नम्बर प्लेट वाले वाहनों, मॉडिफाइड गाड़ियों, ओवर स्पीड चालकों और स्टंट करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में कोतवाली जशपुर पुलिस द्वारा बीती रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए कुल 22 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। कार्रवाई के दौरान 19 बिना नम्बर प्लेट वाले वाहनों को जब्त किया गया। वाहन चालकों को अगले दिन नम्बर प्लेट लगाने के निर्देश देते हुए चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 5700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अलावा एक वाहन चालक को ओवर स्पीड में वाहन चलाते पाए जाने पर 1000 रुपये का चालान किया गया, जबकि दो अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोबारा बिना नम्बर प्लेट के पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। नियमों के उल्लंघन पर वाहन चालक के साथ-साथ अभिभावकों के खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

जशपुर पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहभागिता निभाने का आग्रह किया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment