ग्राम रजौटी में पशु बीमारी पर त्वरित कार्रवाई, स्थिति नियंत्रण में—किसी नई मृत्यु की पुष्टि नहीं ,पशु चिकित्सा विभाग ने तत्काल टीम भेजकर किया उपचार

जशपुरनगर, ग्राम रजौटी में पशुओं की मौत एवं गंभीर बीमारी संबंधी की सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग जशपुर द्वारा तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर त्वरित कार्रवाई की गई। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं जशपुर ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है तथा वर्तमान में किसी भी नए पशु की मृत्यु की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्राप्त सूचना के आधार पर पशु चिकित्सा विभाग ने तत्काल विशेषज्ञ टीम गठित कर ग्राम रजौटी भेजी। टीम द्वारा पशुपालकों से संपर्क कर मृत पशुओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा बीमार पशुओं का मौके पर उपचार किया गया। जांच के दौरान दो बीमार पशुओं का उपचार कर उनके रक्त एवं सीरम के नमूने भी एकत्रित किए गए हैं।

     उप संचालक ने बताया कि रोग की पुष्टि हेतु एकत्रित नमूनों को राज्य स्तरीय पशु रोग अन्वेषण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है, ताकि वैज्ञानिक जांच के आधार पर सटीक जानकारी प्राप्त हो सके। इसके साथ ही ग्राम में शिविर लगाकर बीमार पशुओं का उपचार एवं रोग प्रतिबंधात्मक टीकाकरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है। आज पशु चिकित्सालय कुनकुरी एवं मोबाइल वेटनरी यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा गांव में व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया। कुल 35 पशुपालकों के लगभग 250 पशुओं में (एक टंगिया) रोग के विरुद्ध टीकाकरण किया गया है।

     पशु चिकित्सा विभाग द्वारा ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया गया है कि पशुओं में किसी भी प्रकार के बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पशु चिकित्सालय या मोबाइल वेटनरी यूनिट के टोल फ्री नंबर 1962 पर सूचना दें, ताकि समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्राप्त सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई है, बीमार पशु उपचार के बाद स्वस्थ हैं तथा वर्तमान में स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment