जशपुर, 18 अप्रैल 2026।महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी स्पष्ट निर्देशों के बाद जशपुर जिले में महतारी वंदन योजना के तहत E-KYC प्रक्रिया अब पूरी तरह पारदर्शी और नि:शुल्क रूप से संचालित होती दिखाई दे रही है। इसी क्रम में लोक सेवा केंद्र, कोदोपारा सेक्टर अंतर्गत नन्हेसर-खेड़ार में आयोजित शिविर में हितग्राहियों का E-KYC बिना किसी शुल्क के किया जा रहा है।
शिविर में सचिव राजेंद्र यादव, लोक सेवा केंद्र संचालक सुभाष यादव, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। मौके पर मौजूद महिलाओं ने बताया कि इस केंद्र में E-KYC के लिए किसी भी प्रकार की राशि नहीं ली जा रही है और पूरी प्रक्रिया निशुल्क रूप से संपन्न कराई जा रही है।
लोक सेवा केंद्र संचालक सुभाष यादव की भूमिका इस शिविर में विशेष रूप से सराहनीय रही। उन्होंने पूरी E-KYC प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करते हुए यह सुनिश्चित किया कि किसी भी हितग्राही को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी का कार्य समय पर पूरा हो। साथ ही उन्होंने हितग्राहियों को प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक भी किया।
सचिव राजेंद्र यादव ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत E-KYC पूरी तरह नि:शुल्क है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत और आसपास के क्षेत्रों में भी इस निर्देश का सख्ती से पालन कराया जा रहा है और कहीं भी E-KYC के नाम पर राशि नहीं ली जा रही है।

उक्त शिविर के दौरान सचिव राजेंद्र यादव ने उपस्थित ग्रामीण महिलाओं को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी, जिससे महिलाएं योजनाओं के प्रति जागरूक हो सकें और अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।
स्थानीय स्तर पर इस तरह के शिविरों के आयोजन से हितग्राहियों में विश्वास बढ़ा है और योजना का लाभ बिना किसी आर्थिक बाधा के उन्हें मिल रहा है। प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप हो रहे इस कार्य को लेकर ग्रामीणों में संतोष का माहौल है और महिलाएं बड़ी संख्या में शिविरों में पहुंचकर E-KYC प्रक्रिया पूरी करा रही हैं।




















