जशपुर, 19 अप्रैल 2026। जशपुर जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दी झरिया के बढ़ई पारा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही पिता की लकड़ी के टुकड़े से मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। मृतक सदानंद नाग (45 वर्ष) और उसका बेटा विजय कुमार नाग (26 वर्ष) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी विजय नाग ने आवेश में आकर पास में रखी लकड़ी की फाड़ी से अपने पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागबहार पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा की कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने सिर पर गंभीर चोट के कारण मौत को हत्यात्मक बताया है।
मृतक की पत्नी, जो आरोपी की सौतेली मां है, की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसके पिता उसे काम नहीं करने को लेकर ताना दे रहे थे और गुलेल से मारने का प्रयास कर रहे थे, जिससे गुस्से में आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी बरामद कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी विजय नाग को विधिवत गिरफ्तार कर 18 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरे मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।




















