जशपुर: जन्मदिन की खुशी बनी मातम—परिवारिक विवाद में जीजा की हत्या, साला और भाभी जेल भेजे गए

जशपुर, 19 अप्रैल 2026। जशपुर जिले के चौकी कोतबा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम फरसाटोली में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां छोटे साले और भाभी ने मिलकर जीजा की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मुरली राम यादव (40 वर्ष) का विवाह अपने ही गांव फरसाटोली की सोनिया यादव के साथ हुआ था और उनका एक बेटा भी है। 30 मार्च 2026 को बेटे का जन्मदिन मनाने के बाद मृतक की पत्नी अपने मायके मिठाई देने गई थी। उसी रात करीब 11 बजे मुरली राम यादव शराब के नशे में अपने ससुराल पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर अपने छोटे साले शिवकुमार यादव (35 वर्ष) और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव (37 वर्ष) से विवाद करने लगा।

विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी शिवकुमार यादव ने मुरली राम को जमीन पर पटककर लात-घूंसों से उसके सीने और पेट पर हमला किया। इसी दौरान मिथिला यादव ने भी डंडे से उसकी पिटाई की। पत्नी के बीच-बचाव के बाद आरोपी मौके से हटे, जिसके बाद घायल मुरली राम रात में अपने घर लौट गया।

अगले दिन तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए सीएचसी कोतबा लाया गया, जहां से गंभीर हालत में ओडिशा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान 4 अप्रैल 2026 को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया है।

मामले में सुंदरगढ़ पुलिस द्वारा प्रारंभिक कार्रवाई के बाद केस को चौकी कोतबा थाना बागबहार को सौंपा गया, जहां अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 18 अप्रैल 2026 को दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक बृजेश कुमार यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment