जशपुर: NH-43 पर पुलिस की घेराबंदी, तस्करों का ट्रक छोड़कर जंगल में फरार—38 गौवंश बचाए गए , तस्कर फरार

जशपुर, 19 अप्रैल 2026। जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कांसाबेल क्षेत्र में पुलिस ने तस्करी कर ले जाए जा रहे 38 नग गौवंशों को एक ट्रक से मुक्त कराया है। हालांकि, ट्रक चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिलेभर में गौ तस्करी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 18 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे थाना कांसाबेल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक (क्रमांक JH-02-BM-4221) में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर पत्थलगांव-कांसाबेल मार्ग से नेशनल हाईवे-43 की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए बेला घाट क्षेत्र में नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया।

पीछा होते देख चालक ने ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक सड़क किनारे छोड़ दिया और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ट्रक की तलाशी ली, जहां ट्रॉली को भूरे रंग की त्रिपाल से ढंका हुआ पाया गया। जब त्रिपाल हटाई गई, तो अंदर 38 नग गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर बेरहमी से भरा गया था।

पुलिस ने सभी गौवंशों को गवाहों की मौजूदगी में सुरक्षित बरामद कर लिया और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

इस मामले में थाना कांसाबेल में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जब्त ट्रक के आधार पर तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक नारायण सिंह, गोविंद नायक, आरक्षक शरद बेहरा एवं कमल शांति खलखो की अहम भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment