रायगढ़: व्हाट्सएप ग्रुप और वेबसाइट से चल रहा था IPL सट्टा नेटवर्क, पुलिस की ताबड़तोड़ रेड में मुख्य खाईवाल समेत 3 गिरफ्तार

रायगढ़, 30 अप्रैल 2026। आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे पर शिकंजा कसते हुए रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसिया क्षेत्र से तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और खरसिया चौकी की संयुक्त टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर ₹51 हजार नगद और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप और ऑनलाइन वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों में हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टा गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर साइबर थाना और खरसिया पुलिस की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से तीन स्थानों पर कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई डभरा रोड खरसिया में की गई, जहां आरोपी अजय उर्फ रिंकु अग्रवाल को मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा खिलाते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके कब्जे से ₹30 हजार नगद और मोबाइल फोन जब्त किया गया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

दूसरी कार्रवाई में मुख्य खाईवाल अंकित अग्रवाल को नवीन स्कूल के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। जांच में उसके मोबाइल से ALLPANELEXCH और ALLPANELEXCH 9-CO नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित होने का खुलासा हुआ। आरोपी के पास से ₹21 हजार नगद बरामद किए गए।

तीसरी कार्रवाई में नरेंद्र राठौर को नया मंगल बाजार शेड खरसिया से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी dollarbet.club वेबसाइट के जरिए आईपीएल मैचों में सट्टा संचालन कर रहा था। आरोपी ने सट्टा आईडी उपलब्ध कराने वाले अन्य सहयोगियों की जानकारी भी पुलिस को दी है।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि आईपीएल सीजन के दौरान ऑनलाइन सट्टे पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े खाईवालों तक पुलिस पहुंचेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment