जशपुर, 4 मई 2026। बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने इसे जनता के विश्वास, लोकतंत्र की मजबूती और विकास की राजनीति की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश स्पष्ट रूप से बताता है कि जनता सुशासन, विकास और जनहित की नीतियों पर भरोसा जता रही है।
विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि यह जीत केवल भाजपा की नहीं, बल्कि उन करोड़ों मतदाताओं की जीत है जिन्होंने विकास और स्थिर शासन के पक्ष में अपना समर्थन दिया। उन्होंने इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के विश्वास का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने से पश्चिम बंगाल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और राज्य में सभी वर्गों, समुदायों एवं धर्मों के लोगों के लिए केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
श्रीमती भगत ने मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत राज्य की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा सरकार बंगाल में सुशासन, पारदर्शिता और विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।



















