जशपुरनगर, 05 मई 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज विकासखंड कांसाबेल के चेटबा उपस्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर वहां आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र भवन का अवलोकन करते हुए जहां-जहां मरम्मत की आवश्यकता है, वहां शीघ्र सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दवा काउंटर, वेलनेस एवं परामर्श केंद्र, लैब कक्ष तथा प्रसव कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर श्री व्यास ने आरएचओ एवं सीएचओ से केंद्र में हो रही प्रसव सेवाओं और गर्भवती महिलाओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थिति पंजी, प्रसव पंजी तथा आरसीएच पंजी का निरीक्षण कर सभी आवश्यक जानकारी को सावधानीपूर्वक एवं नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास नेस्वास्थ्य केंद्र परिसर में पौधारोपण कराने तथा कबाड़ में पड़ी अनुपयोगी वस्तुओं की नीलामी करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर ने मोबाइल के माध्यम से ग्राम मैनी की गर्भवती महिला श्रीमती सुनीता पैंकरा से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रीमती पैंकरा को आवश्यक सावधानियां बरतने और सभी जरूरी जांच समय-समय पर कराने की सलाह दी। श्रीमती पैंकरा ने बताया कि उन्हें केंद्र में सभी सुविधाएं मिल रही हैं और स्वास्थ्य कर्मियों का अच्छा सहयोग भी प्राप्त हो रहा है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री प्रदीप कुमार राठिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



















