जशपुर: सामूहिक विवाह समारोह में गूंजी शहनाइयां, दिव्यांग जोड़े समेत हिन्दू-ईसाई समुदाय के 67 जोड़ों ने शुरू की नई जिंदगी

Please Share With Your Friends Also

जशपुरनगर, 10 मई 2026। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 67 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इस आयोजन में हिन्दू एवं ईसाई दोनों समुदायों के जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। समारोह की विशेष उपलब्धि यह रही कि विकासखंड बगीचा में एक दिव्यांग (मूकबधिर) जोड़ा भी विवाह बंधन में बंधा, जिसने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

जिले के परियोजना क्षेत्र बगीचा में कुल 20 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसमें 13 हिन्दू एवं 7 ईसाई जोड़े शामिल रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

इसी तरह परियोजना कांसाबेल में 12 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 9 हिन्दू एवं 3 ईसाई जोड़े शामिल रहे। वहीं परियोजना बागबहार में सबसे अधिक 32 जोड़ों ने विवाह बंधन में बंधकर नई जीवन यात्रा की शुरुआत की, जिनमें 6 हिन्दू एवं 26 ईसाई जोड़े शामिल रहे।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि निर्धारित है। इसमें 8 हजार रुपये आयोजन व्यय, 7 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा वधु को 35 हजार रुपये का चेक एवं वैवाहिक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है।

सामूहिक विवाह कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment