कुनकुरी: थाना परिसर के मोबाइल टॉवर पर चढ़ी युवती ने फांसी लगाकर दी जान, क्षेत्र में सनसनी ,पुलिस के समझाने के बावजूद फांसी लगाकर की आत्महत्या

कुनकुरी, 26 मई 2026। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना परिसर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय एक युवती मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई और कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद थाना परिसर सहित पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान कुनकुरी से लगे धुआंडांड गांव निवासी नीलिमा लकड़ा (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 5 बजे थाना परिसर पहुंची और सीधे वहां स्थापित मोबाइल टॉवर पर चढ़ने लगी। थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने जब उसे टॉवर पर चढ़ते देखा तो तत्काल उसे रोकने और नीचे उतरने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस अधिकारियों ने युवती को लगातार समझाने और सुरक्षित नीचे आने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं मानी और टॉवर पर ऊपर चढ़ती चली गई। काफी समझाइश के बावजूद उसने कथित रूप से टॉवर पर ही फांसी लगा ली। घटना पुलिसकर्मियों की आंखों के सामने हुई, जिससे वहां मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए।

जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती सोशल मीडिया पर मोबाइल टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या करने से जुड़े वीडियो देखा करती थी। परिजनों के अनुसार भी वह ऐसे वीडियो अक्सर देखती थी और उन्हें दिखाती थी। मृतका की मां ने बताया कि युवती मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग करती थी और अधिकांश समय सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज की अपील

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, निराशा या आत्महत्या के विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत परिवार, मित्रों, किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ या स्थानीय आपातकालीन सहायता सेवा से संपर्क करें। समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment