बिलासपुर, 28 मई 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज बिलासपुर में नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बन रहे 10 किलोमीटर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे विभिन्न सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।
बैठक में विभागीय सचिव ने बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालन अभियंताओं एवं अनुविभागीय अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्यों के प्रत्येक चरण के लिए समय-सीमा तय कर तेजी से कार्य किया जाए। उन्होंने प्रतिदिन मॉनिटरिंग करते हुए ठेकेदारों के साथ समन्वय बनाकर काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि निविदा स्वीकृति के एक माह के भीतर हर हाल में कार्य प्रारंभ होना चाहिए।
बैठक में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं अधीक्षण अभियंता के.पी. संत भी उपस्थित रहे।
श्री बंसल ने कहा कि विभागीय कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कोनी-मोपका बायपास, जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज, जयरामनगर-सीपत रोड बायपास, उच्च न्यायालय ऑडिटोरियम, नए जेल भवन तथा बोदरी में न्यायालयीन प्रकरणों के ओआईसी के लिए बन रहे विश्राम भवन की प्रगति की भी समीक्षा की। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्यों की जानकारी भी अधिकारियों से ली गई।
निरीक्षण के दौरान विभागीय सचिव ने अधिकारियों को सड़कों को साफ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने डिवाइडरों की दीवारों और ग्रिल्स का रंग-रोगन कराने के भी निर्देश दिए।