बगीचा, 29 मई 2026। जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत महुवाडीह में आयोजित सुशासन तिहार में ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली। दूरस्थ अंचल में आयोजित इस शिविर में 11 पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने शासन की योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम पूरे समय जनसमस्याओं और समाधान के संवाद का केंद्र बना रहा।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, राशन कार्ड, पेंशन और अन्य आवश्यक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। शिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने एक-एक आवेदन लेकर संबंधित समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया।
सुशासन तिहार के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि शासन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और इसके लिए लगातार मैदानी स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की भी सक्रिय मौजूदगी रही। जिला पंचायत सदस्य मोनिका टोप्पो, वरिष्ठ सरपंच लक्खू राम, जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश, जनपद सदस्य सविता नागवंशी, सरपंच सविता नागेश, मंगरु साय, प्रवीण मिंज, ब्लासियुस, बहादुर शेखर, भाजपा मंडल महामंत्री दीपक नागेश, कृष्णा यादव एवं कुँअर साय ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
वहीं प्रशासनिक अमले में सीईओ विनोद सिंह, बीईओ सुदर्शन पटेल, समिति प्रबंधक जगदीश यादव, एसडीओ लाल साय केरकेट्टा, आबकारी उप निरीक्षक मदन लाल धुर्व, विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री प्रमोद सेठ तथा वन विभाग के धर्मेन्द्र साय उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से संवाद किया और प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।