जशपुर: कस्तूरा शिविर में किसानों और महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, जॉब कार्ड से लेकर मछली पालन सामग्री का हुआ वितरण

जशपुर, 29 मई 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले में संचालित सुशासन तिहार 2026 के तहत हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लगातार ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में दुलदुला विकासखंड के ग्राम कस्तूरा में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में किसानों, महिलाओं और मजदूर वर्ग के हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं दस्तावेजों का वितरण किया गया।

शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जुदेव ने हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान किसानों को किसान किताब और फलदार पौधों का वितरण किया गया, वहीं मछली पालन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्व सहायता समूह की महिलाओं को आईस बॉक्स और मछली जाल प्रदान किए गए।

इसके अलावा रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्राम कस्तूरा की सोनी कुमारी, आशा देवी और कमला बाई को जॉब कार्ड वितरित किए गए। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शासन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment