जशपुर । जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक का सिर जमीन में पटकने के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार 27 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम जाम जूनवानी में 34 वर्षीय सुशील खलखो की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया गया तथा पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में शिकायत के आधार पर थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसी विवाद को लेकर पूर्व में मामला थाने तक पहुंचा था और सुशील खलखो जेल भी गया था। करीब डेढ़ माह पूर्व जमानत पर रिहा होने के बाद वह गांव लौटा था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि सामाजिक बैठक में आरोपी की पत्नी ने सुशील खलखो के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद वह सुशील के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष में लगातार नाराजगी बनी हुई थी।
घटना की रात करीब 11 बजे गांव की सरपंच पत्नी जानकी लकड़ा ने घर के बाहर शोर-शराबा सुना। बाहर निकलकर देखने पर जयलाल एक्का, जयमन एक्का तथा एक नाबालिग किशोर सुशील खलखो के साथ मारपीट करते दिखाई दिए। आरोपियों ने सुशील का सिर जमीन में पटकने के बाद पास में पड़े पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर आरोपी जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) तथा एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।
जशपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हत्या के इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।