दंतेवाड़ा, 30 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशानुरूप संचालित मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दंतेवाड़ा जिले के सुदूर एवं दुर्गम क्षेत्र बैलाडीला के ग्राम बड़ेपल्ली तक पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। स्वास्थ्य कर्मियों ने 13 किलोमीटर का कठिन पहाड़ी मार्ग पैदल तय कर गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया, जहां 227 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में मलेरिया, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन, मधुमेह, रक्तचाप सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गईं। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की विशेष जांच की गई। इस दौरान एक उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिला की पहचान होने पर उसे बेहतर उपचार और सुरक्षित प्रसव के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज से पीड़ित 12 मरीजों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना की जानकारी देते हुए सुरक्षित मातृत्व, पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को उनके घरों के समीप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
यह अभियान न केवल ग्रामीणों को उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।ल