जशपुर, 30 मई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार अभियान के तहत जशपुर विकासखंड के समीपस्थ ग्राम पंचायत बोकी एवं बरटोली में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र एवं सामग्री वितरित की। इस अवसर पर जशपुर एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
शिविर में लगभग 200 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश आवेदनों का निराकरण मौके पर ही किया गया। इससे ग्रामीणों को त्वरित राहत मिली और शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।
तीन परिवारों को मिली प्रधानमंत्री आवास की चाबी
शिविर के दौरान तारकेश्वर सिंह, कमला देवी एवं कैलाश राम को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके नए पक्के मकानों की चाबी सौंपी गई। लाभार्थियों ने अपना सपना साकार होने पर खुशी व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार जताया।
दिव्यांगजनों को वितरित किए गए सहायक उपकरण
शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, छड़ी एवं श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए। आरा के पुरनापानी निवासी दिव्यांग सुरेंद्र राम को ट्राईसाइकिल प्रदान की गई, जिससे उनके आवागमन में सुविधा होगी।
विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए ग्रामीण
शिविर में 10 ग्रामीणों को राशन कार्ड, 6 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 4 किसानों को खाद का वितरण किया गया। वहीं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 25 ग्रामीणों को फलदार वृक्षों के पौधे प्रदान किए गए। नारायणपुर-चिटवारी क्षेत्र के कृषकों को बी-1 दस्तावेज भी वितरित किए गए।
इसके अलावा शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
सुशासन तिहार के इस शिविर ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराकर प्रशासन की जनकल्याणकारी सोच को साकार किया।