जशपुरनगर, 1 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार जिले में संचालित “सुशासन तिहार 2026” के तहत जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत फरसाबहार अंतर्गत ग्राम पंचायत खारीबहार में 2 जून 2026 को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां क्षेत्र के ग्रामीण अपनी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
इस शिविर में बाबूसाजबहार, अंकिरा, भेजरीडांड, सिकिरमा, गारीघाट, झारमुण्डा, खारीबहार, कोरंगामल, लवाकेरा, फरदबहार, दलटोली, बारो एवं कोनपारा सहित कुल 13 गांवों के ग्रामीण शामिल होंगे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र के निर्धारित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें, ताकि उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर रोहित व्यास ने शिविरों के सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारियों एवं विभागीय अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता और निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।