जशपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कुनकुरी को बड़ी सौगात, 5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर और नया 11 केवी फीडर शुरू

जशपुर, 17 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में कुनकुरी क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में 3.15 एमवीए क्षमता के पुराने पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही कुनकुरी नगर के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण एवं चार्जिंग कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन कार्य के दौरान कई तकनीकी एवं संरचनात्मक चुनौतियों का समाधान किया गया। कार्यस्थल पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के लिए दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया तथा पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया। सभी आवश्यक तैयारियों के बाद नए ट्रांसफार्मर को सफलतापूर्वक स्थापित कर चालू किया गया।

अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए किए जाने से विद्युत आपूर्ति क्षमता में लगभग 59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में सहायता मिलेगी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर विद्युत प्रबंधन संभव हो सकेगा।

इसके अलावा अतिरिक्त 11 केवी फीडर शुरू होने से कुनकुरी नगर में विद्युत भार का संतुलित वितरण हो सकेगा। इससे ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी, फाल्ट की स्थिति में बिजली आपूर्ति बहाल करने में आसानी होगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर पूर्ण हुए इस कार्य को क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों एवं विद्युत उपभोक्ताओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे कुनकुरी की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment