जशपुर : देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जशपुर के वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और जिलेवासियों को योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षक श्री डमरूधर स्वर्णकार एवं श्रीमती स्मिता जैन के मार्गदर्शन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन, शवासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और दुनिया के अनेक देशों में इसे अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और संतुलित जीवन का आधार भी है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ और तनावपूर्ण परिस्थितियों में योग को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग का लाभ तभी मिलता है जब इसे नियमित रूप से किया जाए। इसी संदेश के साथ उन्होंने उपस्थित लोगों को “करें योग, रहें निरोग” का मंत्र दिया तथा नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है और अनेक बीमारियों से बचाव में सहायक है।
पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा विश्व योग को अपना रहा है। योग जीवन की आत्मा और साधना है, जो व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत ने भी नियमित योगाभ्यास की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योग से शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है और व्यक्ति स्वस्थ जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी श्री भुवनेश्वर प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों को निरोगी जीवन, मानसिक शांति और स्वस्थ समाज निर्माण के लिए योग को अपनाने का संदेश दिया गया।