जशपुर: ग्रामसभा में तय होगा किसे मिलेगा प्रधानमंत्री आवास, 24 जून को पढ़ी जाएगी 1.02 लाख हितग्राहियों की सूची

जशपुर, 23 जून 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 अभियान की शुरुआत जशपुर जिले में 24 जून से ग्रामसभाओं के माध्यम से होगी। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली ग्रामसभाओं में आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत तैयार की गई पात्र हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। ग्रामसभा की स्वीकृति के बाद अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।

जिले में आवास प्लस 2.0 के तहत कुल 1 लाख 2 हजार 371 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया है। विकासखंडवार सर्वेक्षण में बगीचा में 18,926, दुलदुला में 8,049, जशपुर में 8,432, कांसाबेल में 9,039, कुनकुरी में 10,535, मनोरा में 7,212, पत्थलगांव में 24,529 तथा फरसाबहार में 15,649 परिवारों का सर्वे शामिल है।

प्रशासन द्वारा इस बार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सहभागी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। ग्रामसभा में सूची का सार्वजनिक वाचन होने से ग्रामीणों को पात्रता सूची की जानकारी मिलेगी तथा यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है या किसी नाम पर आपत्ति है तो वह दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकेगा। प्राप्त दावों और आपत्तियों के निराकरण के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर सूची का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा।

ग्रामसभा में आवास प्लस 2.0 की सूची के अलावा मनरेगा, पंचायत विकास कार्यों, ग्रामीण अधोसंरचना, रोजगार सृजन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। पंचायत स्तर पर विकास संबंधी प्रस्तावों और जनसमस्याओं पर भी चर्चा होगी।

जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे 24 जून को आयोजित ग्रामसभा में अनिवार्य रूप से शामिल होकर अपने अधिकारों का उपयोग करें, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा गांव के विकास और पारदर्शी प्रशासन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment