जशपुर: खोए मोबाइल लौटाकर पुलिस ने लौटाई मुस्कान, 51 लोगों को मिली बड़ी राहत

जशपुर, 23 जून 2026। जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों के गुम हुए मोबाइल फोन खोजने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 51 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल फोन सुपुर्द किए। बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं बल्कि व्यक्तिगत एवं वित्तीय जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। मोबाइल गुम होने या गलत हाथों में पड़ने से निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य महत्वपूर्ण डाटा के दुरुपयोग की आशंका रहती है। इसलिए नागरिकों को अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहना चाहिए।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना अथवा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ब्लॉक कर उसकी खोजबीन की जा सके। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं पूर्व सूचना देकर नहीं आतीं, इसलिए जागरूकता और सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे बड़ा उपाय है।

जशपुर पुलिस द्वारा सीईआईआर पोर्टल में प्राप्त आवेदनों पर विशेष अभियान चलाकर तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की तलाश की गई। पुलिस की साइबर सेल ने तकनीकी निगरानी और ट्रैकिंग के जरिए विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया।

इस अभियान में साइबर सेल जशपुर की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। साइबर टीम के प्रयासों से न केवल मोबाइल फोन बरामद हुए बल्कि कई परिवारों और मोबाइल धारकों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, डीएसपी भावेश कुमार समरथ, डीएसपी कुंजराम चौहान, निरीक्षक संत लाल आयाम, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनिल सिंह एवं आरक्षक सोन साय भगत सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जशपुर पुलिस ने कहा है कि आमजन की संपत्ति की सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment