जशपुर: आपातकाल लोकतंत्र पर सबसे बड़ा हमला था, नई पीढ़ी को जाननी चाहिए सच्चाई – गोमती साय

पत्थलगांव, 24 जून 2026। सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने आपातकाल की 50वीं बरसी के अवसर पर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला और शर्मनाक अध्याय था। विधायक निवास कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सत्ता बचाने के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने संविधान की आत्मा को कुचलते हुए पूरे देश पर आपातकाल थोप दिया था।

गोमती साय ने कहा कि उस दौर में लोकतंत्र कैद था, संविधान बंधक था और देश भय एवं दमन के माहौल में जीने को मजबूर था। उन्होंने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान विपक्षी नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और हजारों लोकतंत्र सेनानियों को बिना किसी अपराध के जेलों में बंद कर दिया गया था। प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली गई, न्यायपालिका पर दबाव बनाया गया और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया।

उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान बचाने की बात करती है, जबकि इतिहास इस बात का साक्षी है कि लोकतंत्र की हत्या का सबसे बड़ा अपराध उसी ने किया था। सत्ता के मद में चूर कांग्रेस ने देश को तानाशाही और दमन के वातावरण में धकेल दिया था। देश की जनता इस विश्वासघात को कभी नहीं भूलेगी और लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।

विधायक ने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के साहस, लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष और जनता की लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था के कारण अंततः तानाशाही पर लोकतंत्र की विजय हुई। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को आपातकाल की वास्तविकता से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी सत्ता संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खिलवाड़ करने का साहस न कर सके।

गोमती साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार संविधान की भावना के अनुरूप सुशासन, पारदर्शिता और जनभागीदारी को मजबूत करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा, संविधान के सम्मान और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है।

उन्होंने कहा कि आपातकाल की 50वीं बरसी केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प को दोहराने का अवसर है। भाजपा प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को आपातकाल की विभीषिका और लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष से परिचित करा रही है, ताकि देश का लोकतांत्रिक भविष्य और अधिक मजबूत हो सके।

प्रेस वार्ता में भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, आलोक सारथी, अंकित बंसल एवं हेमंत बंजारा सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment