जशपुर, 28 जून 2026। बटईकेला ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ उपसरपंच श्री अंकित गोयल द्वारा किया गया। उन्होंने पंचायत भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर उपसरपंच श्री गोयल ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने सभी माता-पिता से 28 से 30 जून 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं। यह छोटा-सा प्रयास बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोलियो-मुक्त भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा।
उन्होंने कहा कि “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार” के संकल्प के साथ सभी नागरिकों को अभियान को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को जिले भर के पोलियो बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों द्वारा घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्रों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों को पोलियो बूथ के रूप में विकसित किया गया है तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों की टीमों का गठन कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।