रायपुर, 05 जुलाई 2026। चिंतन शिविर 3.0 के दूसरे दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योगाभ्यास के साथ दिन की शुरुआत कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर के नवा रायपुर स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित विशेष योग सत्र में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है, बल्कि व्यक्ति को प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी निर्णय लेने के लिए शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से चिंतन शिविर के दौरान दिन की शुरुआत योग से की गई, ताकि सकारात्मक ऊर्जा और एकाग्रता के साथ राज्य के विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया जा सके।
उन्होंने कहा कि योगाभ्यास के इस सामूहिक आयोजन से चिंतन शिविर 3.0 को नई ऊर्जा मिली है तथा यह अनुशासन, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
योग सत्र में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव सहित आईआईएम रायपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।