रायगढ़, 05 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चौकी जोबी पुलिस ने ग्राम जोबी में दबिश देकर 15 लीटर महुआ शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी राठौर अपनी टीम के साथ क्षेत्र में लगातार जन-जागरूकता अभियान संचालित कर रही हैं तथा ग्रामीणों को अवैध शराब की गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
इसी दौरान 05 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जोबी के जवाहर मोहल्ला निवासी नोनी बाई डनसेना (52 वर्ष) अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
पुलिस को देखकर वहां मौजूद कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि नोनी बाई डनसेना घर में शराब बेचते हुए मिली। पूछताछ के दौरान उसने महुआ शराब बनाकर बेचने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान उसके घर से 20 लीटर क्षमता के डिब्बे में भरे 10 लीटर तथा एक जरीकेन में रखे 5 लीटर सहित कुल 15 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में शराब जब्त कर आरोपिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध “ऑपरेशन आघात” के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही ग्रामीणों से अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।