रायपुर, 7 जुलाई 2026। विष्णु देव साय 8 जुलाई को रायपुर के डूमरतराई स्थित अत्याधुनिक नवीन थोक बाजार का नामकरण एवं लोकार्पण करेंगे। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित इस आधुनिक व्यापारिक परिसर को प्रदेशवासियों और व्यापारियों को समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओ.पी. चौधरी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि यह कार्यक्रम पूर्व में 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब इसका आयोजन 8 जुलाई को किया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित यह आधुनिक थोक बाजार व्यापारियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर यातायात व्यवस्था, आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना और आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह बाजार रायपुर सहित पूरे प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल निर्मित किए गए हैं। वहीं द्वितीय चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरणों के पूर्ण होने के साथ प्रदेश को एक सुव्यवस्थित एवं समग्र थोक व्यापारिक परिसर की सौगात मिली है।
यह परियोजना व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। व्यापारियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराने वाली यह परियोजना उनकी वर्षों पुरानी मांग को भी पूरा करेगी।
लोकार्पण समारोह में केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, बृजमोहन अग्रवाल, लक्ष्मी वर्मा, राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी तथा अनुराग सिंह देव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।