महासमुंद: चांद तक पहुंचेगा छत्तीसगढ़ का सपना, ‘शक्तिसैट’ मिशन के लिए रागनी साहू बनीं नेशनल फाइनलिस्ट

महासमुंद, 11 जुलाई 2026। महासमुंद जिले की होनहार छात्रा रागनी साहू ने पूरे छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी का चयन अंतर्राष्ट्रीय चंद्र मिशन ‘शक्तिसैट (ShaktiSat)’ के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। वह इस प्रतिष्ठित मिशन के लिए चयनित होने वाली छत्तीसगढ़ की इकलौती छात्रा हैं।

देशभर से कड़े मूल्यांकन और साक्षात्कार के बाद केवल 20 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया गया, जिसमें रागनी ने अपनी प्रतिभा के दम पर जगह बनाई। उन्होंने वर्ष 2025 में विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने लगभग 120 घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण पूरा करते हुए 21 मॉड्यूल और 550 से अधिक स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान, नवाचार और इंजीनियरिंग आधारित पाठ सफलतापूर्वक पूरे किए।

‘मिशन शक्तिसैट’ में भारत सहित 108 देशों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। इस वैश्विक अभियान के तहत दो चंद्र उपग्रह विकसित किए जाएंगे। इनमें एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होकर परिक्रमा करेगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर उतरकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा।

रागनी साहू 22 से 31 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित 8 दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। यहां उन्हें इसरो, IN-SPACe के वैज्ञानिकों, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

विद्यार्थियों द्वारा विकसित उपग्रहों का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा किया जाएगा।

यह मिशन अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग से सम्बद्ध है। इसका संचालन स्पेस किड्ज इंडिया की संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. श्रीमती केसन के नेतृत्व में किया जा रहा है, जबकि विंग कमांडर जाया तारे (सेवानिवृत्त) भारत की राष्ट्रीय राजदूत हैं।

इस उपलब्धि पर महासमुंद कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने रागनी साहू को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा और अटल टिंकरिंग लैब के प्रभारी चंद्रशेखर मिथलेश के मार्गदर्शन को दिया। जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन और जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने भी छात्रा को शुभकामनाएं दीं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment