छत्तीसगढ़ श्रम विभाग की अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा का अवसर दिया जा रहा है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 12 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट आवासीय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही उन्हें छात्रावास, पौष्टिक भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
इन माध्यमों से कर सकते हैं आवेदन
पात्र विद्यार्थी एवं अभिभावक श्रम विभाग के ‘श्रमेव जयते’ मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेब पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निकटतम जनपद पंचायत स्थित श्रम संसाधन केंद्र, चॉइस सेंटर अथवा जिला श्रम कार्यालय में भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं।
आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज
आवेदन के साथ श्रमिक पंजीयन (लेबर) कार्ड, मूल निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, कक्षा 5वीं की अंकसूची तथा वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत होने का प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
पात्रता की प्रमुख शर्तें
योजना का लाभ केवल उन्हीं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन आवेदन की तिथि से कम से कम एक वर्ष पूर्व का हो। यह सुविधा श्रमिक परिवार की प्रथम दो संतानों तक सीमित रहेगी। साथ ही विद्यार्थी का शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश लेना आवश्यक है।
श्रम विभाग के अनुसार प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा, ताकि श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर मिल सके।