जशपुर: पंजीकृत श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य, जिलेभर में लगेंगे विशेष शिविर

जशपुर: छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग के अंतर्गत पंजीकृत असंगठित एवं भवन निर्माण श्रमिकों के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिलेभर में विशेष शिविर आयोजित कर श्रमिकों को ई-केवाईसी की जानकारी दी जाए तथा उनके पंजीयन में आवश्यक संशोधन कराए जाएं, ताकि कोई भी पात्र श्रमिक शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

जिला श्रम अधिकारी ने बताया कि ई-केवाईसी शुरू होने से पहले सभी पंजीकृत श्रमिकों के रिकॉर्ड को आधार कार्ड के अनुसार अपडेट किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक विकासखंड में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां नाम, जन्मतिथि, लिंग, मोबाइल नंबर सहित अन्य विवरणों का सत्यापन एवं संशोधन किया जाएगा।

श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निर्धारित शिविर स्थल अथवा निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पहुंचना होगा। सीएससी संचालक द्वारा पहचान सत्यापन के बाद श्रम विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आवेदन के लिए आधार कार्ड की प्रति, सहमति पत्र, ई-साइन, मोबाइल ओटीपी सत्यापन तथा लाइव फोटो अनिवार्य होगी।

ई-केवाईसी और रिकॉर्ड अपडेट होने से श्रमिकों का डाटाबेस अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनेगा, जिससे भविष्य में विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ वितरण आसान और प्रभावी होगा। आवेदन सफल होने पर प्रत्येक हितग्राही को एक यूनिक आवेदन क्रमांक भी दिया जाएगा, जिसके माध्यम से आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देखी जा सकेगी।

श्रम विभाग ने जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों से निर्धारित समयावधि में अपने अभिलेखों का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए जिला श्रम कार्यालय, जनपद पंचायतों के श्रम संसाधन केंद्र, निकटतम चॉइस सेंटर (सीएससी) अथवा लोक सेवा केंद्र से संपर्क किया जा सकता है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment