धमतरी: बेटियों को जीवनभर की सुरक्षा देने का सुनहरा अवसर, 18 जुलाई तक मुफ्त लगेगा HPV टीका

धमतरी: जिले में बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से विशेष एचपीवी (HPV) टीकाकरण सप्ताह की शुरुआत की गई है। 13 जुलाई से 18 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिले की 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क जीवनरक्षक HPV टीका लगाया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों से लेकर स्वास्थ्य केंद्रों तक सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर का प्रमुख कारण है। उन्होंने कहा कि समय पर लगाया गया HPV टीका इस गंभीर कैंसर से बचाव का सबसे सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को लगभग समाप्त कर देता है। इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उन्हें इस जानलेवा बीमारी से जीवनभर सुरक्षा मिल सके।

अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। निःशुल्क टीकाकरण की सुविधा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (HWC), जिले के चिन्हित विद्यालयों तथा निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से निर्धारित केंद्रों पर पहुंचकर अपनी बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील की है।

धमतरी कलेक्टर ने जिले के सभी माता-पिता एवं अभिभावकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों का स्वस्थ भविष्य हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। HPV टीका पूरी तरह सुरक्षित है तथा इसे लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी अभिभावकों से स्वास्थ्य विशेषज्ञों पर भरोसा रखते हुए अपनी 14 वर्ष की बेटियों को यह जीवनरक्षक टीका अवश्य लगवाने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि आज लिया गया आपका यह छोटा-सा निर्णय आपकी बेटी को जीवनभर के लिए सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान कर सकता है।

कलेक्टर ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों तथा सामाजिक संस्थाओं से भी इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है और यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि जिले की एक भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक HPV टीके से वंचित न रहे। यह अभियान केवल टीकाकरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले की बेटियों के सुरक्षित, स्वस्थ और कैंसर मुक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment