जशपुर: देश में नक्सलवाद के प्रभावी खात्मे को भारत के इतिहास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जशपुर विधायक रायमुनी भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह तथा पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे ने संयुक्त विज्ञप्ति जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
संयुक्त विज्ञप्ति में कहा गया कि दशकों तक नक्सलवाद ने देश के अनेक हिस्सों में भय, हिंसा और विकास को प्रभावित किया। केंद्र और राज्य सरकारों की समन्वित रणनीति, सुरक्षा बलों के अदम्य साहस तथा मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के परिणामस्वरूप देश इस चुनौती पर निर्णायक सफलता की ओर बढ़ा है। नेताओं ने इसे केवल सुरक्षा की नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान और विकास की भी ऐतिहासिक जीत बताया।
पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और राष्ट्र प्रथम की भावना से हर चुनौती का समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रणनीति तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चलाए गए प्रभावी अभियानों ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे से आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे तथा विकास को नई गति मिलेगी।
पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब शांति, विश्वास और विकास की नई रोशनी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में प्रभावी अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आधुनिक रणनीति अपनाने और सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने का परिणाम है कि देश नक्सलवाद जैसी चुनौती पर निर्णायक बढ़त हासिल कर सका है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने इस उपलब्धि को वीर जवानों के साहस और बलिदान को समर्पित बताते हुए कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व महसूस करता है। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश नन्दे ने कहा कि नक्सलवाद का अंत लोकतंत्र, सुशासन और जनविश्वास की विजय है, जिससे वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास की नई धारा बहेगी।
संयुक्त विज्ञप्ति में सभी नेताओं ने भारतीय सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ पुलिस तथा सभी सुरक्षा एजेंसियों के वीर जवानों को नमन करते हुए उनके साहस, समर्पण और बलिदान को इस ऐतिहासिक सफलता का आधार बताया। साथ ही विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत शांति, सुरक्षा और समृद्धि के नए युग की ओर अग्रसर है।