जशपुर: जिले के अधिक से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क आवासीय शिक्षा का अवसर दिलाने के उद्देश्य से जवाहर नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) ने जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त राजेश लखानी ने कलेक्टर रोहित व्यास को पत्र भेजकर जिले में अधिकाधिक पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीयन सुनिश्चित कराने में जिला प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया है।
आयुक्त ने अपने पत्र में जिले में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय के सफल संचालन में जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे निरंतर सहयोग और संरक्षण के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में विद्यालय भविष्य में भी अपने उद्देश्यों के अनुरूप उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा और अधिक से अधिक ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक पहुंचेगी जानकारी
पत्र में उल्लेख किया गया है कि जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश केवल जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) के माध्यम से होता है। यह नवोदय विद्यालय समिति की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश प्रक्रिया है। पिछले वर्ष देशभर में 25 लाख 99 हजार 277 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। इस वर्ष समिति का लक्ष्य इस संख्या को और बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तथा बालिकाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि करना है।
आयुक्त ने कहा कि नवोदय चयन परीक्षा के अधिकांश अभ्यर्थी ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आते हैं। ऐसे में आवश्यक है कि पात्र एवं मेधावी विद्यार्थियों तक समय रहते आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, परीक्षा और नवोदय विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी पहुंचे।
जिला शिक्षा विभाग को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
नवोदय विद्यालय समिति ने जिला शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, संकुलों, विकासखंड शिक्षा कार्यालयों तथा अन्य उपलब्ध माध्यमों से चयन परीक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
समिति ने यह भी कहा है कि जवाहर नवोदय विद्यालयों में पूरी तरह निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा, आधुनिक कक्षाएं, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं, छात्रावास, भोजन तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसलिए पात्र विद्यार्थियों को इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ मिलना चाहिए।
प्राचार्यों को भी दिए गए विशेष निर्देश
नवोदय विद्यालय समिति ने जिले के जवाहर नवोदय विद्यालयों के प्राचार्यों को भी निर्देशित किया है कि वे स्वयं जिला प्रशासन से संपर्क कर चयन परीक्षा से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध कराएं। साथ ही स्कूल स्तर पर अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच जागरूकता अभियान चलाकर अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करें।
31 जुलाई अंतिम तिथि, 28 नवंबर को होगी परीक्षा
कक्षा 6 में प्रवेश के लिए JNVST-2027 के ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई 2026 तक किए जा सकते हैं। जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
विद्यार्थी और अभिभावक नीचे दिए गए आधिकारिक पोर्टलों पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं—
नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट: https://navodaya.gov.in
ऑनलाइन आवेदन पोर्टल: https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/
नवोदय विद्यालय समिति ने जिला प्रशासन से अपील की है कि व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक योग्य एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को इस सुनहरे अवसर का लाभ दिलाया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।