जशपुर: जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुटरी में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। शराब नहीं मिलने और सब्जी बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी की हाथ, मुक्कों और लात से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम घुटरी निवासी दुबेश्वरी बाई (46 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान महिला का शव घर के भीतर मिला। ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला कि मृतका और उसके पति जगेश्वर राम (48 वर्ष) के बीच आए दिन विवाद और मारपीट होती रहती थी। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
पंचनामा के दौरान पुलिस ने मृतका के गले पर चोट के निशान और सिर से खून निकलते देखा। हत्या की आशंका होने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। डॉक्टर की रिपोर्ट में शरीर पर लगी अंदरूनी और बाहरी गंभीर चोटों के कारण मृत्यु को हत्यात्मक बताया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पति जगेश्वर राम के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना के समय शराब नहीं मिलने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान उसने पत्नी से सब्जी बनाने के लिए कहा। पत्नी द्वारा मना करने पर वह गुस्से में आ गया और हाथ, मुक्कों तथा लात से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, स्नेहलता सिंह, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, जितेंद्र साहू, महिला आरक्षक नीलम टोप्पो, आरक्षक उपेंद्र सिंह तथा नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख एवं रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।