जशपुर: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा प्रदेशव्यापी ‘Join BJYM’ सदस्यता अभियान के तहत जशपुर जिले में 9 अगस्त को विशाल सदस्यता अभियान एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं और प्रथम बार मतदान करने वाले नव-मतदाताओं को संगठन की विचारधारा से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के निर्देश तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में लगभग आठ वर्षों बाद सदस्यता अभियान दोबारा शुरू किया गया है। प्रदेशभर में इस अभियान के माध्यम से 2 लाख नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि जशपुर जिले को 6 हजार युवाओं और नव-मतदाताओं को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य मिला है।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि सदस्यता अभियान पूरी तरह निःशुल्क है। इच्छुक युवा Join BJYM पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सदस्य बन सकते हैं। अभियान को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को विशेष रेफरल कोड उपलब्ध कराया गया है, जिससे नए सदस्यों के पंजीयन की निगरानी की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान 23 जुलाई से 20 सितंबर तक संचालित किया जा रहा है। इस दौरान जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक पहुंचकर युवाओं से संपर्क किया जाएगा तथा उन्हें भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
9 अगस्त को होगा ऐतिहासिक आयोजन
जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि 9 अगस्त को जशपुर जिला मुख्यालय में विशाल सदस्यता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी दिन भव्य तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, भाजयुमो पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए जिलेभर में लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं। मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और सभी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
युवाओं से जुड़ने की अपील
विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा युवाओं के लिए संचालित कार्यक्रमों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा स्वयं संगठन से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जशपुर जिला निर्धारित लक्ष्य से अधिक सदस्य जोड़कर प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।
उन्होंने जिले के सभी युवाओं और नव-मतदाताओं से 9 अगस्त को आयोजित सदस्यता अभियान एवं तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्रहित और संगठन की मजबूती में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।