जशपुर: जिले के दिव्यांगजनों को प्रमाणन एवं यूडीआईडी (Unique Disability ID) कार्ड की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 5 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में तहसील सन्ना के सभी पात्र दिव्यांगजनों का प्रमाणीकरण, दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने तथा पूर्व में जारी प्रमाण पत्रों के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
शिविर का आयोजन 5 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सन्ना में होगा। जिला प्रशासन ने तहसील सन्ना के सभी दिव्यांगजनों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की अपील की है, ताकि उन्हें एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाओं का लाभ मिल सके।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा जरूरी
शिविर में शामिल होने वाले दिव्यांगजनों को अपने साथ निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने होंगे—
आधार कार्ड
दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि पूर्व में जारी हुआ हो)
आधार नंबर से पंजीकृत मोबाइल नंबर (जिस पर ओटीपी प्राप्त होता हो)
दिव्यांगता प्रदर्शित करने वाला नवीन फोटो
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी हितग्राही का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं है या अपडेट कराने की आवश्यकता है, तो वे शिविर में आने से पहले नजदीकी आधार सेवा केंद्र में अपना मोबाइल नंबर अपडेट अवश्य करा लें, ताकि यूडीआईडी पंजीकरण की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दिव्यांगजनों को मिलेगा सीधा लाभ
जिला प्रशासन का उद्देश्य दिव्यांगजनों को प्रमाणन एवं यूडीआईडी कार्ड की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाना है। यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजन विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
