रायपुर: स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदकों से अलंकृत

रायपुर: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी कर्तव्यनिष्ठा, उत्कृष्ट कार्यकुशलता और विशिष्ट सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित पदकों एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया।

समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित अधिकारियों और जवानों ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, राहत कार्य, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

एएसआई रामावतार सिंह राजपूत को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक

रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक श्री रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा तथा आधारभूत प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026’ से सम्मानित किया गया। यह पुलिस सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित सम्मान है।

आईजी रामगोपाल सहित 10 को भारतीय पुलिस पदक

सराहनीय सेवाओं, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आधुनिक पुलिसिंग में नवाचार के लिए कुल 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ‘सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026’ प्रदान किया गया।

सम्मानित होने वालों में—

श्री रामगोपाल, पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज

श्री शशिमोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रायगढ़

श्रीमती राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, एटीएस नवा रायपुर

श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, पुलिस अधीक्षक, रायपुर ग्रामीण

श्रीमती निवेदिता पॉल, सेनानी, 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई

श्रीमती मनीषा ठाकुर रावटे, सेनानी, 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, महासमुंद

श्री तारकेश्वर पटेल, पुलिस उपायुक्त, रायपुर

सुश्री उनैजा खातून अंसारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विशेष आसूचना शाखा, नवा रायपुर

श्री जयलाल मरकाम, सहायक सेनानी, प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई

श्री हजारी लाल साहू, प्लाटून कमांडर, 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, महासमुंद


शामिल हैं।

आपदा एवं राहत कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर सेना के जवान सम्मानित

आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर सेना के जवानों को भी सम्मानित किया गया।


नगर सेना राजनांदगांव के नायक श्री उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य में उत्कृष्ट भूमिका के लिए तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक श्री जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्यों के लिए ‘गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026’ प्रदान किया गया।

कमजोर वर्गों और महिला-बाल सुरक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को राज्य स्तरीय पुरस्कार

कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया।

जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक श्री रामेश्वर प्रसाद यादव को ‘गुरु घासीदास पुरस्कार’ प्रदान किया गया। पुरस्कार के तहत 50 हजार रुपये की नकद राशि एवं बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

रायपुर की निरीक्षक श्रीमती अर्चना धुरंधर को कमजोर वर्गों तथा महिला एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘राज्यपाल पुरस्कार’ एवं ‘रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। दोनों पुरस्कारों के तहत 50-50 हजार रुपये की नकद राशि तथा रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

गरियाबंद की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सुश्री निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए ‘मुख्यमंत्री पुरस्कार’ दिया गया। इसके तहत 50 हजार रुपये की नकद राशि एवं रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

इसी क्रम में अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक श्री उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए ‘शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें 50 हजार रुपये की नकद राशि एवं बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड प्रदान की गई।

उप पुलिस अधीक्षक (अजाक), बिलासपुर श्री डी.आर. टंडन को ‘पुलिस महानिदेशक पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। उन्हें 25 हजार रुपये की नकद राशि एवं प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में भव्य परेड

मुख्य समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री (कोरबा) श्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड आयोजित की गई।

परेड में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी तथा विभिन्न विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

स्वतंत्रता दिवस के इस राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment