जशपुर: जनगणना कार्य में बाधा डालने वाला फरार आरोपी रायगढ़ से गिरफ्तार  ,शिक्षक को फर्जी बताकर की थी मारपीट, आईडी कार्ड छीनकर फेंका था

जशपुर: जनगणना जैसे महत्वपूर्ण शासकीय कार्य में बाधा डालने और जनगणना प्रगणक शिक्षक के साथ मारपीट एवं दुर्व्यवहार करने के मामले में थाना पत्थलगांव पुलिस ने फरार आरोपी को रायगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर (26 वर्ष) निवासी रामभाटा, संजय मैदान, हरदिया गली, थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 221, 132, 296, 351(3), 115(2) बीएनएस में अपराध दर्ज है।

जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षक से की थी मारपीट

मामले के अनुसार 5 मई 2026 को प्रार्थी सतीश कुमार सक्सेना (42 वर्ष), शिक्षक, निवासी ग्राम कुमकेला, थाना पत्थलगांव ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी ड्यूटी जनगणना प्रगणक के रूप में लगाई गई थी।

जनगणना कार्य के सिलसिले में वे ग्राम सुरेशपुर गए थे। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उन्हें रोककर फर्जी व्यक्ति बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के से मारपीट करने लगा।

आरोपी ने प्रार्थी का आईडी कार्ड छीनकर फेंक दिया और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के कारण प्रार्थी का शासकीय जनगणना कार्य बाधित हुआ।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।

तकनीकी जानकारी से आरोपी की हुई पहचान

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गवाहों एवं संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए। तकनीकी जानकारी के आधार पर घटना में शामिल संदिग्ध की पहचान शुभम कुजूर उर्फ बंटी कुजूर के रूप में हुई।

पुलिस जांच में पता चला कि घटना के दिन आरोपी ग्राम सुरेशपुर में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इसी दौरान उसने जनगणना कार्य में लगे शिक्षक के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की थी।

रायगढ़ स्थित घर से पकड़ा गया फरार आरोपी

घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना और पुलिस की तकनीकी टीम की मदद से जानकारी मिली कि आरोपी शुभम कुजूर अपने रायगढ़ स्थित रामभाटा के घर आया हुआ है।

सूचना पर थाना पत्थलगांव पुलिस एवं तकनीकी टीम ने तत्काल रायगढ़ पहुंचकर आरोपी के ठिकाने की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।

कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष हुई पहचान

मामले में पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्यवाही कराई गई। इस दौरान प्रार्थी सतीश कुमार सक्सेना ने हिरासत में लिए गए शुभम कुजूर की पहचान घटना में शामिल व्यक्ति के रूप में की।

पुलिस पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचनात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक अनुज एक्का, चंद्र विजय साय एवं आरक्षक आकाश कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment