रायपुर: सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने दिए सख्त निर्देश, 8 जिलों पर रहेगा विशेष फोकस

रायपुर। राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेश में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

घायलों के इलाज और 108 एंबुलेंस की होगी सख्त मॉनिटरिंग

मुख्य सचिव ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही 108 एंबुलेंस की समय पर उपलब्धता की सख्त मॉनिटरिंग करने और ट्रामा सेंटरों को और अधिक सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वाले नेक नागरिकों यानी गुड सेमेरिटन को जल्द से जल्द प्रोत्साहन एवं सम्मान राशि प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।

8 जिलों में दुर्घटनाओं के कारणों का होगा गहन विश्लेषण

बैठक में प्रदेश के 8 अधिक दुर्घटना वाले जिलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। इनमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, सरगुजा और जगदलपुर (बस्तर) शामिल हैं।

इन जिलों में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दुर्घटनाओं की संख्या में प्रभावी कमी लाई जा सके।

ब्लैक स्पॉट्स में समय-सीमा के भीतर होगा सुधार

मुख्य सचिव ने प्रदेश के ब्लैक स्पॉट्स का सुधार करने के साथ-साथ दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को ब्लैक स्पॉट्स में निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक सुधार कार्य पूरा करने को कहा गया।

सुधार कार्य के बाद संबंधित स्थानों पर दुर्घटनाओं में आई कमी का भी विश्लेषण किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि सड़क निर्माण के बाद खामियों को दूर करने के बजाय सड़क की शुरुआती डिजाइन ही सुरक्षित और बेहतर होनी चाहिए। उन्होंने सड़कों पर आवारा पशुओं के विचरण को रोकने के लिए भी ठोस कार्ययोजना बनाकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शैक्षणिक संस्थानों में बनाए जाएंगे रोड क्लब

सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने के लिए प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में रोड क्लब गठित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अधिक से अधिक युवाओं को यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा अभियान से जोड़ने की बात कही गई, जिससे सड़क सुरक्षा के प्रति युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों की भागीदारी बढ़ाई जा सके।

जिला सड़क सुरक्षा समितियों की नियमित बैठक के निर्देश

मुख्य सचिव ने सभी जिलों के कलेक्टरों को जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

परिवहन विभाग ने दी गतिविधियों की जानकारी

बैठक की शुरुआत में परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश ने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) श्री प्रदीप गुप्ता सहित लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनसंपर्क विभाग और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment